नैनी, प्रयागराज। औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान रखने वाले नैनी क्षेत्र के बंद पड़े कारखानों को दोबारा शुरू कराने की मांग अब तेज होती जा रही है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के भूतपूर्व महामंत्री एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ‘अंशुमन’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर नैनी और यमुनापार क्षेत्र के बंद उद्योगों को तत्काल चालू कराने की मांग उठाई है।
प्रदीप मिश्रा ने कहा कि एक समय था जब नैनी क्षेत्र हजारों लोगों के रोजगार का बड़ा केंद्र हुआ करता था। यहां आईटीआई, टीएसएल, बीपीसी, एनटीसी स्वदेशी कॉटन मिल समेत सैकड़ों छोटे-बड़े उद्योग चलते थे, जिनमें लाखों लोग काम करते थे। लेकिन धीरे-धीरे उद्योग बंद होते चले गए और आज पूरा औद्योगिक क्षेत्र वीरान नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री ने नैनी को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की नींव रखी थी। इसके लिए 16 गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित कर यहां बड़े कारखाने स्थापित किए गए थे। उद्योग लगने से Prayagraj ही नहीं बल्कि देशभर के लोगों को रोजगार मिला था।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले कुछ वर्षों में अधिकतर उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं और क्षेत्र का आर्थिक विकास पूरी तरह ठप पड़ गया है।
प्रदीप मिश्रा ‘अंशुमन’ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो महीने के भीतर बंद कारखानों को चालू करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय जनता और किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन भी शुरू किया जाएगा।
